प्रेस नोट
चित्रकूट पुलिस
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने रामसैया भरतकूप और रामघाट का किया निरीक्षण
चित्रकूट, 02 अगस्त 2026।
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री अरुण कुमार सिंह ने रविवार को रामसैया भरतकूप एवं रामघाट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, घाटों तथा प्रमुख चौराहों का जायजा लिया। उन्होंने रामसैया मार्ग पर सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी प्रबंधन करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक भरतकूप श्री विनोद कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी श्री दुर्गविजय सिंह, चौकी प्रभारी सीतापुर श्री यदुवीर सिंह, पीआरओ पुलिस अधीक्षक श्री पंकज तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।