पीड़ित परिवार को मिले न्याय, जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरने को भी तैयार: सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी
बोधगया। बिहार मुसहर सेवा संघ के आठ सदस्यीय शिष्टमंडल ने खिजरसराय थाना क्षेत्र के कुड़वा बाजार स्थित महादलित टोला पहुंचकर मृतक अजय मांझी के परिजनों से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर मामले की जमीनी स्थिति को समझने का प्रयास किया।
इसी क्रम में शिष्टमंडल ने खिजरसराय थाना क्षेत्र के पथरा गांव में 50 वर्षीय महादलित महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपों से जुड़े मामले का भी संज्ञान लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी प्राप्त की।
शिष्टमंडल के अनुसार, दोनों मामलों में अब तक पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष और आक्रोश है। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवारों को न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
जांच के बाद शिष्टमंडल ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी जी एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार मांझी जी को सौंपकर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना प्राथमिकता है। यदि प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है, तो लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
शिष्टमंडल ने यह भी कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सामाजिक तनाव फैलाने से बचना चाहिए। किसी घटना को राजनीतिक लाभ या व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा का माध्यम बनाने के बजाय तथ्य और कानून के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। समाज के लोगों से भी शांति बनाए रखने और जांच में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
इन्हीं मामलों को लेकर बोधगया के सक्सेना मोड़ पर शिष्टमंडल की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें दोनों घटनाओं से संबंधित उपलब्ध जानकारी पत्रकार बंधुओं के समक्ष साझा की गई और प्रशासन से त्वरित एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
शिष्टमंडल में शामिल प्रमुख सदस्य:
नंदलाल मांझी, अधिवक्ता शंकर मांझी, नारायण प्रसाद मांझी, दीना मांझी, छोटू कुशवाहा, सुरेश राम मांझी, नरेश मांझी, मनोज मांझी, राम प्रसाद मांझी, राम स्नेही मांझी एवं श्रवण मांझी सहित अन्य ।