महिला पत्रकार पर हमले के विरोध में महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग।
महराजगंज, रायबरेली: ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रेस क्लब महराजगंज की अध्यक्षा व स्थानीय महिला पत्रकार सोनी कुमारी पर हुए जानलेवा हमले, मारपीट, लूटपाट और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के मामले में क्षेत्र के पत्रकारों में भारी रोष व्याप्त है। घटना के विरोध में आज तहसील क्षेत्र के समस्त पत्रकारों ने उपजिलाधिकारी महराजगंज के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि बीती 14 जुलाई 2026 को महिला पत्रकार सोनी कुमारी पर रामनरेश प्रजापति उर्फ जादूगर, सुरेश पुत्र रामनरेश उर्फ जादूगर व उनके अन्य सहयोगियों द्वारा जानलेवा हमला करते हुए मारपीट व लूटपाट की गई थी। इस संबंध में थाना महराजगंज में मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया है, लेकिन मुख्य आरोपी रामनरेश उर्फ जादूगर जो कि पूर्व से सजायाफ्ता अपराधी है और पुलिस संरक्षण में हरे व अवैध पेड़ों की कटान का धंधा करता है, उसे अब तक गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया है। पत्रकारों ने महामहिम राज्यपाल से मांग की है कि शासन की मंशा के अनुसार पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए और कायराना हमला करने वाले मुख्य आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से सोनी कुंवारी, अमित त्रिपाठी, आनन्द सिंह, मुकेश श्रीवास्तव, सुशील पांडे, मनोज वर्मा, सत्यप्रकाश मिश्रा, मोनू मौर्य, अंकित मौर्य, अमित श्रीवास्तव, अरविंद मौर्य, रोहित, राहुल कुमार, अरविंद यादव, संतोष कुमार, अमित सिंह, इम्तियाज अहमद, धनंजय सिंह, ज्ञानप्रकाश मौर्य, शिवम मौर्य आदि समस्त पत्रकार उपस्थित रहे।