गुप्तकाशी में सड़क चौड़ीकरण के दौरान डंपर हादसा, चालक घायल, स्कूल के शौचालय क्षतिग्रस्त
रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी-लमगौंडी मोटरमार्ग पर शनिवार अपराह्न सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान मलबा लेकर जा रहा डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में डंपर चालक घायल हो गया, जबकि कुछ मीटर नीचे स्थित स्कूल के शौचालय क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त विद्यालय में छात्र-छात्राएं मौजूद नहीं थे। अगर स्कूल संचालन के दौरान डंपर नीचे गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि काकड़ा-गुप्तकाशी बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के तहत सड़क कटिंग का कार्य चल रहा है। इसी दौरान मलबा लेकर जा रहा डंपर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कार्यदायी संस्था से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
#Guptkashi #Rudraprayag #Uttarakhand #RoadAccident #DumperAccident #BreakingNews #UttarakhandNews #Kedarnath