#बीदासर
प्रियंका भंसाली की 41 की तपस्या का तप अभिनंदन
बीदासर। थान सुथान में श्रीमती प्रियंका जैन भंसाली की 41 की तपस्या के उपलक्ष्य में तप अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साध्वीवृंद, तेरापंथ समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर तपस्वी बहन के प्रति अपनी अनुमोदना एवं मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
समारोह में शासनश्री साध्वी श्री रमावती एवं शासनश्री साध्वी श्री कुलप्रभा ने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य एवं कविता के माध्यम से तपस्या की महत्ता बताते हुए तपस्वी बहन की अनुमोदना की। साध्वी मानसप्रभा एवं साध्वी तीर्थप्रभा ने सामूहिक गीतिका के माध्यम से अपनी भावनाएं प्रस्तुत कीं।
समाधि केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी श्री मंजूयशा ने तपस्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वीरभूमि एवं तपोभूमि बीदासर में 41 की दीर्घ तपस्या का होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने तपस्या को आत्मशुद्धि, संयम और आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम बताया।
कार्यक्रम में तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद एवं युवती मंडल की ओर से सामूहिक रूप से तपस्वी बहन के प्रति अनुमोदना की गई।
इस अवसर पर सभा के कोषाध्यक्ष श्री विमल लिंगा, तेरापंथ युवक परिषद एवं परिवार की ओर से रितिक बोथरा, महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती मंजू देवी बोथरा, ज्ञानशाला मुख्य प्रशिक्षिका श्रीमती भावना दुगड़, अणुव्रत समिति की ओर से श्री धनराज सेखानी, तपस्वी की माताजी श्रीमती बबीता सेठिया, काकीसास श्रीमती रंजुला भंसाली, मासी श्रीमती कुसुम मेहता, सेठिया परिवार की ओर से श्री हनुमानमल सेठिया तथा ननिहाल मणोत परिवार की ओर से मासी श्रीमती सम्पत देवी बोथरा ने अपने भाव व्यक्त करते हुए तपस्या की अनुमोदना की।
कार्यक्रम के अंत में तपस्वी बहन श्रीमती प्रियंका जैन भंसाली को तपस्या का प्रत्याख्यान करवाया गया। विभिन्न संस्थाओं एवं परिवारजनों की ओर से मोमेंटो एवं साहित्य भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन साध्वी श्री चिन्मयप्रभा ने किया। समारोह श्रद्धा, आध्यात्मिकता एवं तपस्या की अनुमोदना के वातावरण में संपन्न हुआ।
Bidasar, Churu | Sep 19, 2026