सैनिकों का त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत – कृषि मंत्री श्री कंषाना
#SevaSankalpAbhiyan के तहत भूतपूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों का सम्मान, शॉल-श्रीफल भेंट कर किया अभिनंदन
शहीद स्मारक मुरैना में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, राष्ट्रसेवा के प्रति सैनिकों के योगदान को किया नमन
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के अनुरूप शुक्रवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा शहीद स्मारक, मुरैना में भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना सहित जनप्रतिनिधियों ने सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का समर्पण, त्याग और बलिदान पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। भारतीय सैनिक विषम परिस्थितियों में भी अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करते हैं। युद्धकाल हो अथवा शांति का समय, सैनिकों का राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति सदैव अनुकरणीय रही है। सैनिकों के त्याग एवं शौर्य के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। भूतपूर्व सैनिकों का योगदान भी राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर है, जिसे सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाना चाहिए।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने वीर नारियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका साहस, धैर्य और त्याग समाज के लिए अनुकरणीय है। अपने प्रियजनों को राष्ट्रसेवा में समर्पित करने के बाद भी जिस दृढ़ता और आत्मबल के साथ वे जीवन की चुनौतियों का सामना करती हैं, वह अद्वितीय है। वीर नारियां केवल शहीद सैनिकों के परिवारों का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं, बल्कि वे त्याग, संकल्प और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा की सशक्त प्रतीक हैं। उनका संघर्ष और आत्मविश्वास समाज को विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है।
समारोह में महापौर श्रीमती सारदा सोलंकी ने भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए सैनिक जिस समर्पण, साहस और त्याग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, वह प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणादायी है। सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।
समारोह के दौरान श्रीमती रेखा तोमर, श्रीमती कृष्णा शर्मा, श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती गीता देवी, श्रीमती आशन देवी एवं श्रीमती मीरा देवी सहित अन्य का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, मुरैना लेफ्टिनेंट कैप्टन (सेवानिवृत्त) श्री पाण्डे ने स्वागत भाषण दिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, पूर्व विधायक श्री राकेश मावई, श्री बलवीर डंडोतिया, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता, नगर निगम आयुक्त श्री सत्येन्द्र धाकरे, श्री हमीर सिंह पटेल सहित भूतपूर्व सैनिक, शहीदों की वीर नारियां, उनके परिजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#morena2026 #Morena #JansamparkMP #MadhyaPradesh #administration Jansampark Madhya Pradesh
90 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026