समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 302, दिनांक 13.06.2026 ********************************
आगामी 28 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर आज जिला पदाधिकारी, शेखपुरा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक मंथन सभागार में आयोजित की गई। उक्त बैठक में अभियान की तैयारियों, रणनीतियों तथा विभिन्न विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने हेतु सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि जिले का कोई भी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे। जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार, माइक्रोप्लान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कठिन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
बैठक में सिविल सर्जन, शेखपुरा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक उत्प्रेरक (बीसीएम) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए बूथों का गठन, टीमों का प्रशिक्षण, वैक्सीन एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
बैठक में अभियान के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, सभी उप स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पदाधिकारी,आईसीडीएस, जीविका तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों पर विशेष बल दिया गया, ताकि जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के राष्ट्रीय लक्ष्य को मजबूती प्रदान की जा सके।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,**
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
9 views | Sheikhpura, Bihar | Jun 14, 2026