हमीरपुर के विशाल ठाकुर ने पंजाब में चमकाया नाम
प्रतियोगी परीक्षा में 29वां रैंक हासिल कर पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में बने जूनियर इंजीनियर
6 सितंबर 2026
बीना चौहान, हमीरपुर
तहसील बड़सर की ग्राम पंचायत दंदवी के गांव सरयाणा निवासी विशाल ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर पंजाब में सफलता का परचम लहराया है। विशाल ठाकुर का चयन पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में जूनियर इंजीनियर के पद पर हुआ है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा में 29वां रैंक हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की है। सामान्य श्रेणी से चयनित विशाल की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विशाल ठाकुर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय माध्यमिक विद्यालय दंदवी से प्राप्त की। उनकी शिक्षा में उनके ताया कश्मीर सिंह ठाकुर का विशेष मार्गदर्शन रहा। इसके बाद उन्होंने किड्स बड्स स्कूल, बिजड़ी से नॉन-मेडिकल विषय में जमा दो की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने चंडीगढ़ का रुख किया और वहां से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की।
विशाल ठाकुर के पिता सुखदेव सिंह ठाकुर भी पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में जूनियर इंजीनियर के पद पर सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। पिता के अनुभव और प्रेरणा के साथ विशाल ने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत की और प्रतियोगी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की।
खास बात यह है कि हिमाचल के हमीरपुर जिले के बेटे विशाल ठाकुर ने दूसरे राज्य में प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार और गांव, बल्कि पूरे हमीरपुर जिले को गौरवान्वित किया है। विशाल की सफलता हिमाचल की युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायक है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ युवा अपने प्रदेश के साथ-साथ देश के किसी भी हिस्से में सफलता हासिल कर सकते हैं।
विशाल ठाकुर के चयन पर ग्राम पंचायत दंदवी सहित क्षेत्रवासियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।