सीएमओ ने सीएचसी जलालाबाद का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गार्ड विनय कुमार दो दिनों से बिना सूचना अनुपस्थित मिले, जिस पर चिकित्सा अधीक्षक को स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में अस्पताल परिसर, ओपीडी, लेबर रूम, जन औषधि केंद्र, एक्स-रे कक्ष, औषधि भंडार और पीएनसी वार्ड का निरीक्षण किया गया। सीएमओ ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर बड़ा नामपट्ट और बेहतर प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। ओपीडी में निरीक्षण तक 279 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जबकि 67 मरीजों की नेत्र जांच कर तीन को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। एक्स-रे कक्ष में 23 मरीजों के एक्स-रे किए गए।लेबर रूम में 10 प्रसव होने की जानकारी मिली। सीएमओ ने जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) की लाभार्थियों को समय से भोजन, निर्धारित अवधि तक भर्ती रखने, एम्बुलेंस-102 से घर भेजने तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। औषधियों के सुरक्षित रख-रखाव, एक्सपायरी की जांच, अस्पताल परिसर व शौचालयों की नियमित सफाई तथा मेटरनिटी विंग के आसपास उगी घास हटाकर पौधरोपण कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही आरबीएसके टीम के कार्यों की समीक्षा कर जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य परीक्षण अभियान संचालित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।