फिरोजाबाद आंगनवाड़ी चयन प्रक्रिया और मातृ वंदना योजना में लापरवाही पर बरतने पर जिलाधिकारी सख्त।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला परिषद समिति की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर सही समय पर चयन न होने पर अत्यंत नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और जल्द से जल्द नियमानुसार चयन कार्य पूरा किया जाए।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के फॉर्म भरवाने में ढिलाई और लापरवाही पाए जाने पर भी जिलाधिकारी का रुख बेहद कड़ा रहा। उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर्स को अंतिम चेतावनी दी और साफ कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी खुद गांवों में जाकर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के फॉर्म भरवाने का कार्य सुनिश्चित करेंगे।
कोटला और शिकोहबाद के सीडीपीओ द्वारा कार्य में बरती गई लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से उनके खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि देने की बात कही।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आदेश दिया कि ऊपर दिए गए सभी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाए। सभी संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।