बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी छः प्रकार के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत माह जून 2026 की पेंशन राशि का लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरण माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा दिनांक 10 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिला मुख्यालय में किया गया।
रोहतास जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में आयोजित लाइव कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के 50 लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर राज्यभर के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 1,423.94 करोड़ की राशि हस्तांतरण किया गया है।
जबकि रोहतास जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 2,91,361 लाभुकों के खातों में 40 करोड़ 91 लाख 99 हजार 100 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किया गया।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इन योजनाओं के माध्यम से सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को नियमित आर्थिक संबल उपलब्ध करा रही है, जिससे उन्हें दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिल सके।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक माह की 10 तारीख को राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाने से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनी है।
जिला प्रशासन ने सभी लाभार्थियों से अपने बैंक खातों एवं आधार संबंधी विवरण अद्यतन रखने की अपील की है, ताकि पेंशन राशि के हस्तांतरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
#IPRD
#SocialWelfareDepartment
Samrat Choudhary
Social Welfare Department, Government of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Patna, Bihar | Jul 10, 2026