अलवर में ट्रिपल मर्डर का खुलासा: मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध; 48 घंटे में पुलिस की कार्रवाई
अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते योजना बनाकर तीन युवकों की हत्या की थी।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि 12 सितंबर की रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच तीन युवक मोटरसाइकिल से लक्ष्मीनगर काली मोरी नाले के पास किसी से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपियों ने कथित रूप से स्विफ्ट कार से उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। तीनों के नीचे गिरने के बाद आरोपियों ने सरियों, डंडों, धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपियों को दस्तयाब किया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सचिन मीणा सहित आरोपियों ने पुलिस के अनुसार वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने एक स्विफ्ट कार और दो मोटरसाइकिलों से युवकों का पीछा किया था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन मीणा (26) निवासी तहसीलदार कॉलोनी चोर डूंगरी, सागर मीणा (22) निवासी अरावली कॉलोनी चोर डूंगरी, अमित उर्फ पल्टा (25) निवासी नयाबास, महेश सैनी (26) निवासी उपला सोनावा तथा तन्मय उर्फ तन्नू (22) निवासी खदाना मोहल्ला को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।
Alwar, Alwar | Sep 18, 2026