अब पूरे साल होगी नालों की सफाई, कचरा एकत्र करने को हर घर पर लगेंगे आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड
76 कॉलोनियों के नियमित होने व 60 प्रतिशत संपत्ति सत्यापन पर निगम अधिकारियों की थपथपाई पीठ
स्ट्रीट वेंडिंग जोन में रेहड़ियां शिफ्ट करने तीन सदस्यीय कमेटी गठित
नगर निगम सदन की बैठक में लिया निर्णय, बैठक में 22 प्रस्ताव पास
यमुनानगर। शहर से जलभराव के स्थाई समाधान के लिए जहां नगर निगम ने एक्सपर्ट टीम हायर की है, वहीं, अब साल भर शहर के नालों की सफाई करने का निर्णय लिया गया है। एक्सपर्ट टीम जहां हर वार्ड का सर्वे कर 50 साल तक जलभराव से निपटने की संरचना तैयार करेगी। वहीं, साल भर नालों की सफाई होने से मानसून में जलभराव होने की समस्या से निपटा जाएगा। इसके अलावा हर घर से कचरा एकत्रित करने को नगर निगम क्षेत्र के हर घर के बाहर आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड लगेंगे। जिसमें स्केनर लगा होगा। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाला कर्मचारी घर से कचरा लेने के साथ ही आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड का स्कैन कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगा। यह निर्णय वीरवार को मेयर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में हुई नगर निगम सदन की साधारण बैठक में लिए गए। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा की उपस्थिति में हुई सदन की बैठक में 42 प्रस्ताव पास किए गए। बैठक का संचालन अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार व कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह ने किया। कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, हरीश कुमार, मनदेव सिंह, सहायक अभियंता मृणाल जायसवाल, मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, विनोद बेनीवाल आदि निगम अधिकारियों ने पिछली बैठकों में पास हुए प्रस्तावों की कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को बैठक में पास हुए प्रस्तावों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी निगम पार्षद, नगर निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।
------------------
76 कॉलोनियों के नियमित होने व 60 प्रतिशत संपत्ति सत्यापन पर निगम अधिकारियों की थपथपाई पीठ -
1996 में तकनीकी त्रुटि के चलते अन्अप्रूव्ड हुई 76 कॉलोनियों के नियमित करने पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने मेयर सुमन बहमनी, निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार व अन्य अधिकारियों की सराहना करते हुए पीठ थपथपाई। उन्होंने जल्द ही इन कॉलोनियों में विकास कार्य कराने के निर्देश दिए। आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि कॉलोनियों की सीमाओं को तय करने के लिए कमेटी गठित की गई है। जो सर्व कर सीमाएं निर्धारित करेगी। इसके अलावा सभी कनिष्ठ अभियंताओं को कॉलोनियों में बनने वाली गलियों व नालियों के एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए है। जैसे ही फाइनल रिपोर्ट आएगी, तभी उनके टेंडर लगाकर विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा हमारा नगर निगम प्रदेशभर में संपत्ति सत्यापन में 60.05 प्रतिशत के साथ नंबर एक पर है। जो बहुत ही सराहनीय है।
----------------------------
प्रवेश द्वाराें का होगा सौंदर्यीकरण, डिवाइडरों पर लगेंगे पौधे -
नगर निगम क्षेत्र के मुख्य प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण होगा। इसके लिए नगर निगम आयुक्त द्वारा बैठक में कमेटी गठित की गई। जिसमें निगम के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता व पार्षद शामिल होंगे। यह कमेटी स्पॉट विजिट कर स्थान निर्धारित करेगी। साथ ही प्रवेश द्वारों के डिजाइन तय करेगी। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र की सड़कों के डिवाइडरों पर सुंदर सुंदर पौधे रोपित किए जाएंगे। इससे हमारा शहर की हरियाली और बढ़ेगी।
-----------
11 पार्कों में पहले से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, 15 के एस्टीमेट तैयार -
नगर निगम क्षेत्र के पार्कों व भवनों में वर्षा जल संचयन अर्थात रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के प्रस्ताव पर सहायक अभियंता मृणाल जायसवाल ने बताया कि निगम क्षेत्र के 11 पार्काें में पहले से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगे हुए है। जिनकी मरम्मत के लिए टेंडर लगाया गया है। इसके अलावा 15 पार्कों में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए टेंडर लगाया गया है। निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र के सभी पार्कों व भवनों का सर्वे करें। जहां जहां जरूरत है। वहां रेन वाटर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाएं।
----------
जल्द खाली करवाएं शराब ठेका, धार्मिक स्थलों से पास से हटेंगी मीट की दुकानें -
बैठक के दौरान निगम क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मीट की दुकानों पर कार्यवाही के प्रस्ताव पर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मंदिर, गुरुद्वारा व अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित मीट की दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मीट विक्रेताओं के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा चांदपुर के नजदीक अवैध रूप से खुले एक शराब के ठेके को भी जल्द खाली करने के निर्देश दिए।
---------
वेंडिंग जोन में रेहड़ियां शिफ्ट करने को बनाई कमेटी -
वेंडिंग जोन में रेहड़ियां शिफ्ट करने के मुद्दे पर अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने बताया कि प्रकाश चौक के पास बनी स्ट्रीट वेंडिंग जोन में आसपास लगी रेहड़ियां शिफ्ट कर दी गई है। मनोहर वेंडिंग जोन में रेहड़ियां शिफ्ट करने की प्रक्रिया जारी है। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने वेंडिंग जोन में रेहड़ियां शिफ्ट करने की कार्रवाई के लिए अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक व पार्षद प्रियांक शर्मा की कमेटी का गठन किया।
फोटो - बैठक में संबोधित करते विधायक घनश्याम दास अरोड़ा।
बैठक में निर्देश देती मेयर सुमन बहमनी।
बैठक में अपनी बात रखते पार्षद।