फोटो-वीडियो के नाम पर महिला को परेशान एवं ब्लैकमेल करने वाले व्यक्ति को किया डिटेन,कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में की निगरानी
चित्तौड़गढ़, 27 सितम्बर। महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें परेशान करने, पीछा करने तथा फोटो-वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने जैसी गतिविधियों के विरूद्ध जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को डिटेन किया गया।
महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल ने बताया कि दिनांक 14 सितम्बर 2026 को एक महिला द्वारा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पूर्व में भरत पालीवाल निवासी नाथद्वारा से फ्रेंडशिप थी, लेकिन अब उक्त व्यक्ति द्वारा उसके फोटो एवं वीडियो को लेकर उसे आए दिन परेशान किया जा रहा है तथा ब्लैकमेल किया जा रहा है। शिकायतकर्ता द्वारा अपने संबंधित थाने से कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही गई थी। इस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शिकायत प्राप्त कर महिला थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारम्भ की गई।
जांच के दौरान दिनांक 25 सितम्बर 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि उक्त व्यक्ति द्वारा शिकायतकर्ता का पीछा किया जा रहा है तथा उसे बार-बार परेशान किया जा रहा है। शिकायतकर्ता की सुरक्षा एवं आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए महिला थानाधिकारी रेणु खोईवाल के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा सादे वस्त्रों में निगरानी प्रारम्भ की गई। निगरानी के दौरान जैसे ही उक्त व्यक्ति शिकायतकर्ता को परेशान करने के उद्देश्य से उसके आसपास दिखाई दिया, पूर्व से सादे वस्त्रों में तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला थाना पुलिस की टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति को डिटेन किया गया। संबंधित फोटो एवं वीडियो को डिलीट करवाया गया तथा भविष्य में किसी प्रकार से परेशान अथवा ब्लैकमेल नहीं करने के लिए आरोपी को आवश्यक रूप से पाबंद किया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में तैनात महिला पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल रीना राजावत, आकांक्षा, गायत्री एवं लीला।
*महिला गरिमा हेल्पलाइन*
महिला सुरक्षा हेतु अपील: जिला पुलिस द्वारा महिलाओं एवं युवतियों से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य महिला संबंधी समस्या होने पर महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 पर भी शिकायत एवं सहायता के लिए संपर्क करें।
Badgaon, Udaipur | Sep 27, 2026