चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत का काफिला हादसे का शिकार, बाल-बाल बचे विधायक
महोबा। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि महोबा के खरेला थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। संकट मोचन मंदिर के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनके एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो वाहन को टक्कर मार दी।
हादसे के समय विधायक की कार आगे चल रही थी, जबकि पीछे एस्कॉर्ट वाहन था। सामने से ट्रक को अनियंत्रित आता देख विधायक के चालक रविकांत मिश्रा ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे विधायक सुरक्षित बच गए। हालांकि पीछे चल रही एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे में सरकारी गनर श्याम सिंह, प्राइवेट गार्ड किशनपाल और चालक जितेंद्र घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद ट्रक चालक भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं विधायक के पिता एवं पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने इसे साजिश बताते हुए कहा कि उन्होंने करीब दो माह पहले मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर विधायक की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उनका आरोप है कि जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाने के बाद से उनके बेटे की हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा से विधायक सुरक्षित बच गए।
Ganga Charan Rajput Brijbhushan Rajput
Orai, Jalaun | Jul 2, 2026