#भरतपुर। जिले के बयाना के बहुचर्चित दिनेश जगा ह*त्या कां*ड में सेवर केंद्रीय कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी भुल्लन की सोमवार तड़के तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जेल प्रशासन उसे गंभीर हालत में जिला आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। सेवर जेल अधीक्षक परमजीत सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4 बजे बंदी भुल्लन की अचानक तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने बिना देरी किए उसे उपचार के लिए जिला आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कराई गई। बंदी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। गौरतलब है कि, बयाना कस्बे की महादेव गली में वर्ष 2014 की दिवाली की रात आपसी रंजिश के चलते दिनेश जगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया था। मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायालय संख्या-1 में हुई थी। न्यायालय ने 13 मई 2026 को भुल्लन सहित कुल 11 आरोपियों को दोषी करार देते हुए सभी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। तभी से भुल्लन जेल में अपनी सजा काट रहा था। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बंदी की मौत किन परिस्थितियों और किस वजह से हुई।
Bharatpur, Bharatpur | Aug 4, 2026