पालमपुर चुनाव में वोटर लिस्ट पर घमासान, त्रिलोक कपूर ने उठाए बड़े सवाल | Kangra Express
पालमपुर : नगर निगम चुनाव के बाद अब वोटर लिस्ट को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने चुनाव में इस्तेमाल हुई मतदाता सूची पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए SIR यानी Special Intensive Revision को अनिवार्य करने की मांग उठाई है।
त्रिलोक कपूर ने दावा किया कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के 14 वार्डों में भाजपा महज 1,341 वोटों के अंतर से चुनाव हारी, जबकि वोटर लिस्ट में 4,037 संदिग्ध बाहरी और फर्जी वोट होने का आरोप उन्होंने लगाया।
कपूर के मुताबिक इनमें 1,627 डबल वोटर शामिल हैं, जबकि करीब 2,450 वोटरों को लेकर बिना EPIC नंबर, जीरो हाउस नंबर, प्रवासी, विदेशी और मृतक मतदाताओं से जुड़े सवाल हैं।
भाजपा नेता ने RTI का हवाला देते हुए दावा किया कि 2021 की पुरानी वोटर लिस्ट उपलब्ध नहीं होने के बावजूद नई वोटर लिस्ट तैयार की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पालमपुर के स्थानीय युवाओं के वोट नहीं बने, जबकि बाहरी लोगों के वोट जोड़ दिए गए।
त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि अगर वोटर लिस्ट पूरी तरह सही है तो SIR से डर किस बात का है? उन्होंने सरकार और हिमाचल चुनाव आयोग से पूरे मामले की जांच करवाने की मांग की है।
Kangra, Kangra | Oct 7, 2026