पीलीबंगा कांग्रेस में बड़ा सियासी भूचाल: पूर्व पालिका अध्यक्ष गंगाराम खटीक ने की बगावत, पार्टी छोड़ वार्ड 30 से निर्दलीय ताल ठोकने का ऐलान
#Lalbahadurbhakhar #BreakingNews #LatestNews #RajasthanNews #pilibanga #पॉलीटिकल
पीलीबंगा आगामी निकाय चुनावों के टिकट वितरण को लेकर पीलीबंगा कांग्रेस में भारी अंतर्कलह और बगावत खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व पालिका अध्यक्ष गंगाराम खटीक ने स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पार्टी से अपना दशकों पुराना नाता हमेशा के लिए तोड़ दिया है। टिकट कटने से नाराज खटीक ने वार्ड नंबर 30 से निर्दलीय (आजाद) प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दागे तीखे सवाल
गंगाराम खटीक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पार्टी के शीर्ष स्थानीय नेताओं पर अनदेखी और मनमानी के गंभीर आरोप लगाए हैं। वायरल वीडियो में उन्होंने अपने दर्द और आक्रोश को साझा करते हुए कहा: "कांग्रेस से मेरा और मेरे परिवार का वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है। हमने पार्टी को सींचने में अपना पूरा जीवन लगाया, लेकिन आज निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है।"
उन्होंने स्थानीय नेताओं पर टिकट वितरण में पक्षपात और षड्यंत्र रचने का खुला आरोप लगाया। खटीक ने स्पष्ट किया कि वह जनता के मान-सम्मान और हक के लिए वार्ड नंबर 30 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी ताल ठोकेंगे।
गंगाराम खटीक का इस तरह पार्टी से बगावत करना और चुनावी मैदान में उतरना स्थानीय कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पूर्व पालिका अध्यक्ष के रूप में उनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ है। उनके इस्तीफे से न केवल वार्ड नंबर 30 का सियासी समीकरण पूरी तरह बिगड़ गया है, बल्कि आसपास के अन्य वार्डों में भी पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। पीलीबंगा की राजनीति में अब मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। Part 7