सासाराम के पायलट बाबा धाम में रविवार को निःशुल्क न्यूरो स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वारंगल के प्रख्यात न्यूरो फिजिशियन डॉ. ओमप्रकाश और हैदराबाद के न्यूरो सर्जन डॉ. श्रीचरण ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। साथ ही आवश्यक दवाईयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। इस दौरान हिन्दू जागरण मंच के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि अपने गृह जिले में नि:शुल्क सेवा देना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि तनाव, अनियमित दिनचर्या और प्रकृति से दूरी के कारण न्यूरो संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, योग, ध्यान और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।