बैंकिंग योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, PNB की दैनिक मॉनिटरिंग का निर्देश
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला परामर्शदात्री समिति (DCC-बैंकिंग) सह जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित बैंकिंग सेवाओं, ऋण वितरण, जमा-ऋण अनुपात (CD Ratio), ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा के विस्तार तथा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सेंट्रल बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए बैंकिंग सेवाओं एवं योजनाओं की प्रगति में सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से पंजाब नेशनल बैंक के कार्यों की दैनिक आधार पर मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बैंकिंग शाखा के कार्यों के प्रभावी अनुश्रवण के लिए वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार को प्रभार दिए जाने की जानकारी दी गई। संबंधित अधिकारी के बैठक में स्वयं उपस्थित नहीं रहने और प्रतिनिधि भी नहीं भेजे जाने पर डीएम ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया।
सेंट्रल बैंक एवं यूको बैंक के जमा-ऋण अनुपात में सुधार लाने पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए नए बैंक शाखा खोलने हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैंक अधिकारियों द्वारा भवन उपलब्ध कराए जाने पर शाखा खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई।
डीएम ने बैंक अधिकारियों को ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने तथा आम लोगों को ऋण एवं अन्य बैंकिंग सुविधाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 23, 2026