फेसबुक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में एफआईआर दर्ज, सीओ सिटी को सौंपी गई जांच
बलरामपुर। जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष लालजी उर्फ लंकेश लालजी लहरी की तहरीर पर की गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, लालजी लहरी ने 15 अप्रैल 2026 को अपने फेसबुक अकाउंट पर जनपद में डीजल, पेट्रोल और गैस की उपलब्धता से जुड़ी एक पोस्ट साझा की थी। आरोप है कि इस पोस्ट पर कुछ लोगों ने अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। तहरीर में कहा गया कि टिप्पणियों के माध्यम से न केवल उन्हें बल्कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रति भी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे उनकी तथा समर्थकों की भावनाएं आहत हुईं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अशांति का माहौल उत्पन्न करने की मंशा से की गईं। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एनसीआरबी के आईआईएफ-1 प्रपत्र के अनुसार मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) बलरामपुर को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।