*प्रधान सचिव (वन) एम. सुधा देवी (IAS) ने वन्यजीव सप्ताह-2026 के समापन समारोह की अध्यक्षता की*
शिमला, 8 अक्टूबर 2026
हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्यजीव विंग द्वारा आयोजित वन्यजीव सप्ताह-2026 का भव्य समापन समारोह आज गेयटी थियेटर, शिमला में संपन्न हुआ। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की प्रधान सचिव (वन) श्रीमती एम. सुधा देवी, IAS मुख्य रूप से उपस्थित रही।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि के आगमन के बाद प्रदर्शनी के अवलोकन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों द्वारा मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में प्रधान सचिव (वन) श्रीमती एम. सुधा देवी ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि यह वन्यजीव सप्ताह महज आयोजनों का एक सप्ताह नहीं है, बल्कि हमारे सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने इस वर्ष के केंद्रीय विषय: (Conserving Wildlife Habitats, Sustaining Healthy Life and Livelihoods) पर विशेष बल देते हुए कहा कि सुरक्षित वन्यजीव आवास न केवल हमारे वन्यजीवों के लिए आवश्यक हैं, बल्कि हमारी जल, पर्यावरण, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार भी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध जैव विविधता, घने जंगलों, ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों और ठंडे मरुस्थलीय इलाकों के कारण वैश्विक स्तर पर एक अनूठी पहचान रखता है। इन अमूल्य प्राकृतिक संपदाओं की रक्षा करना हम सभी का साझा दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न पुस्तकों एवं प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही सप्ताह भर चली विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।
जिसमें मुख्यतः वन्यजीव फोटोग्राफी ( विभागीय) में अक्षय भारद्वाज,वन रक्षक को प्रथम, वींकेश,वन रक्षक को द्वितीय तथा संतोष कुमार ठाकुर, वन खंड अधिकारी को तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी बीच "जंगल से इंसान तक" नामक एक स्किट (नाटक) भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को पर्यावरण और वन्यजीवों के जुड़ाव के प्रति जागरूक किया।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से
डॉ संजय सूद,प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन बल प्रमुख) श्रीमान आलोक प्रेम नागर, प्रधान मुख्य अरण्यपाल (चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन) श्रीमती अनु नागर, सलाहाकार (स्वास्थ्य विभाग) श्रीमान के. थिरूमल,मुख्य अरण्यपाल एवं अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन्यजीव),श्रीमती प्रीति भंडारी, अरण्यपाल (वन्यजीव वृत्त),शिमला, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न स्थाओं के छात्र- छात्राएं तथा विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।