पंचकूला में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से किया संवाद
उत्कृष्ट योगदान के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मानित
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत दिलाई पोषण शपथ
पंचकूला: महिला एवं बाल विकास विभाग पंचकूला, हरियाणा की निदेशक, डॉक्टर प्रियंका सोनी, की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सेक्टर-20, पंचकूला स्थित अग्रसेन भवन में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जबकि इसके अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ की विशेष अवधि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री
श्रीमती श्रुति चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी द्वारा बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी किया गया तथा उनकी आवश्यकताओं, अनुभवों एवं विभाग द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके सराहनीय कार्य एवं विभागीय सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं देखभाल संबंधी सेवाओं से जोड़ते हुए समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और जन-जन तक पोषण एवं महिला-बाल कल्याण का संदेश पहुंचाना रहा।
अन्नप्राशन संस्कार से बच्चों के स्वस्थ भविष्य की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान 6 माह की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर बच्चों के उचित पोषण एवं उनके स्वस्थ शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
गोद भराई एवं पोषण टोकरियों से मातृत्व को मिला सम्मान
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म आयोजित की गई। गर्भवती महिलाओं को हरी पत्तेदार सब्जियों, फलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाए जाने वाले पौष्टिक प्री-मिक्स खाद्य पदार्थों, जैसे खिचड़ी प्री-मिक्स एवं हलवा प्री-मिक्स आदि से युक्त पोषण टोकरियां भेंट की गईं। इसके माध्यम से गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार एवं संतुलित खान-पान के महत्व का संदेश दिया गया।
पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत दिलाई गई पोषण शपथ
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के अंतर्गत उपस्थित अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं लाभार्थियों को सुपोषित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ ने आंगनवाड़ी केंद्रों को सेवा, संवाद और सामुदायिक सहभागिता के प्रभावी मंच के रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए विभाग द्वारा संचालित सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं लाभार्थियों ने महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास, बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia