हरदोई में बारिश के चलते कक्षा आठ तक के स्कूल 2 सितंबर को रहेंगे बंद, स्टाफ की छुट्टी नहीं
हरदोई। लगातार हो रही बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में कक्षा एक से आठ तक संचालित सभी विद्यालयों में बुधवार, 2 सितंबर को छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। आदेश का असर परिषदीय विद्यालयों के साथ ही राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर भी लागू होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी निर्देश में साफ किया गया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और अन्य कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचेंगे। उन्हें अध्यापन कार्य के अलावा विद्यालय से जुड़े अन्य शासकीय कार्यों का निस्तारण करना होगा।
*संबंधित विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा*
प्रशासन का यह निर्णय जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लिया गया है। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल तक पहुंचने और वापस घर लौटने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।जारी आदेश में जिले के सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसमें परिषदीय और राजकीय विद्यालयों के अलावा सहायता प्राप्त, संस्कृत, वित्तविहीन तथा मान्यता प्राप्त विद्यालय भी शामिल हैं।अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन से कहा है कि अवकाश की सूचना विद्यार्थियों और अभिभावकों तक समय से पहुंचाई जाए, ताकि बच्चों को अनावश्यक रूप से स्कूल न आना पड़े। वहीं विद्यालयों में मौजूद स्टाफ को शासन और विभाग से संबंधित आवश्यक कार्यों का संपादन करना होगा।बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से आगे भी परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है। मौसम में बदलाव और बारिश की स्थिति के आधार पर विद्यालयों को लेकर आगामी निर्णय लिया जा सकता है।
Hardoi, Hardoi | Sep 1, 2026