जौरा में भैंस चोरी का खुलासा: 9 में से 5 भैंसें बरामद, पुराने गोठ में बंधी मिलीं
मुरैना। जौरा पुलिस ने भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी गई 9 भैंसों में से 5 को बरामद कर लिया है। ये भैंसें पगारा रोड स्थित छड़े गांव में मवेशियों को बांधने के लिए बने एक पुराने गोठ में लावारिस हालत में बंधी मिलीं। पुलिस ने भैंसों को जौरा थाने पहुंचाया, जहां फरियादी ने उनकी पहचान कर ली। पुलिस अब शेष 4 भैंसों की तलाश और चोरी में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
26 सितंबर की रात घर से चोरी हुई थीं 9 भैंसें
जानकारी के अनुसार, डमेजर गांव निवासी साहब सिंह रावत के घर से 26 सितंबर की रात अज्ञात चोर 9 भैंसें चोरी कर ले गए थे। शिकायत पर जौरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 466/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही पुलिस चोरी गई भैंसों और आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
छड़े गांव के पुराने गोठ में मिलीं 5 भैंसें
पुलिस को बीती रात पगारा रोड स्थित छड़े गांव के एक पुराने गोठ में 5 भैंसें लावारिस हालत में बंधी मिलीं। पुलिस उन्हें जौरा थाने लेकर पहुंची, जहां फरियादी साहब सिंह रावत ने भैंसों की पहचान अपनी चोरी गई भैंसों के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने पांचों भैंसों को बरामद कर लिया।
शेष 4 भैंसों और आरोपियों की तलाश जारी
जौरा थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल एवं मामले के विवेचक ब्रजेंद्र पाराशर के अनुसार, घटना के बाद से ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चोरी गई भैंसों और आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान छड़े गांव के पुराने गोठ से 5 भैंसें बरामद हुई हैं।
पुलिस अब शेष 4 भैंसों की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।