नर्मदा स्नान
#nemavar #amavas #nhaan #shahisnan #dewasnews
ज्येष्ठ अधिक मास की सोमवती अमावस्या पर नेमावर में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही मां नर्मदा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सिद्धनाथ घाट सहित विभिन्न घाटों पर हजारों भक्तों ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सोमवती अमावस्या के विशेष महत्व के कारण देवास, सीहोर, हरदा, खंडवा सहित कई जिलों से श्रद्धालु नेमावर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय लोगों द्वारा पेयजल, विश्राम तथा भंडारे की व्यवस्था की गई।
वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा। घाटों पर पुलिस, होमगार्ड और गोताखोरों की तैनाती की गई। ड्रोन कैमरों से मेले क्षेत्र पर निगरानी रखी गई और लगातार सुरक्षा संबंधी घोषणाएं की जाती रहीं। देर शाम तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।