खाकी ने बांटी खुशियों की रोशनी!
SP ने वृद्धाश्रम और अनाथ बच्चों के साथ मनाई दीपावली, अपनों के बीच खुशियों से जगमगाए चेहरे।
दीपावली का त्योहार सिर्फ दीप जलाने और आतिशबाजी करने का नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और अपनों के साथ प्रेम का दीप जलाने का भी पर्व है। इसी संदेश को आत्मसात करते हुए पश्चिम चंपारण के बेतिया में पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम एवं बेतिया पुलिस की टीम ने एक अनूठी पहल की।
दीपावली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम अपनी पुलिस टीम के साथ वृद्धाश्रम और अनाथ बच्चों के बीच पहुंचे। यहां उन्होंने बुजुर्गों और बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और सभी के चेहरों पर मुस्कान लाने की कोशिश की गई।
आमतौर पर त्योहारों के मौके पर लोग अपने परिवार और करीबियों के साथ खुशियां मनाते हैं, लेकिन वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों और अपनों से दूर अनाथ बच्चों के लिए यह त्योहार कई बार अकेलेपन का एहसास लेकर आता है। ऐसे में बेतिया पुलिस की इस पहल ने उनके बीच अपनापन और खुशियों का माहौल बना दिया।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बुजुर्गों का हालचाल जाना और बच्चों के साथ समय बिताया। पुलिस टीम को अपने बीच पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए। वहीं, बुजुर्गों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली।
बेतिया एसपी कुमार गौतम ने यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों के साथ खड़ा होना भी उसकी सामाजिक जिम्मेदारी है।
इस दीपावली बेतिया पुलिस ने वर्दी के साथ-साथ इंसानियत और संवेदनशीलता की भी एक खूबसूरत मिसाल पेश की।