धनवार में 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
खोरीमहुआ अनुमंडल के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिणमरवा खेशरंभा गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता राखी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।
राखी की शादी करीब तीन माह पूर्व 30 अप्रैल 2026 को बबलू यादव के साथ हुई थी। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले तक राखी से फोन पर बातचीत हुई थी। सुबह उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद मायके वाले मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर टूटी चूड़ियां, बिखरे बर्तन और टूटा टीवी मिलने की बात भी परिजनों ने कही है। इससे घटना से पहले विवाद या मारपीट की आशंका जताई जा रही है।
आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मायके वालों ने काफी देर तक शव उठाने से रोक दिया। बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
धनवार पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
📍 घटनास्थल: हरिणमरवा खेशरंभा, धनवार थाना क्षेत्र, गिरिडीह
#Dhanwar #Giridih #Khorimahua #JharkhandNews #BreakingNews #DhanwarNews #GiridihNews #Jharkhand #PNAIndiaNews
Dhanwar, Giridih | Aug 20, 2026