जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर दुर्गा पूजा 2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिले के सभी प्रमुख पूजा पंडालों, तेलडीहा मंदिर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था संधारण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
तेलडीहा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थित कतार एवं उसके ऊपर शेड की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा पूजा पंडालों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) द्वारा भी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को आवश्यक तैयारियों के साथ सतर्क रखा गया है। वहीं, सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की उपस्थिति एवं उनके कार्यों की निगरानी जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से लगातार की जा रही है।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे श्रद्धालुओं के साथ सौम्य, शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा उनकी सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि पूजा के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण एवं सुखद वातावरण में पूजा-अर्चना करने का अवसर मिले।
जिला प्रशासन, बांका द्वारा सभी श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखें, प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा कतारबद्ध होकर दर्शन करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी संदिग्ध गतिविधि, असामान्य स्थिति अथवा आपातकालीन परिस्थिति की सूचना तत्काल निकटतम प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी या जिला नियंत्रण कक्ष को दें। जिला प्रशासन सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा करता है, ताकि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
8 views | Banka, Bihar | Oct 17, 2026