फीस के अभाव में थमने वाली थी एलएलबी की पढ़ाई, ‘सहयोग संस्था’ ने थामा छात्रा का हाथ
11 हजार रुपये की मदद देकर बुझने नहीं दी पढ़ाई की लौ, मां को बुलाकर संस्था ने सौंपी सहायता राशि
शाहजहांपुर। आर्थिक तंगी से जूझ रही महानगर की एक निर्धन छात्रा की एलएलबी की पढ़ाई फीस के अभाव में रुकने की कगार पर पहुंच गई थी। ऐसे मुश्किल वक्त में समाजसेवी सहयोग संस्था छात्रा के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। संस्था ने छात्रा की स्थिति की जानकारी जुटाने और पात्रता की पुष्टि करने के बाद उसकी फीस के लिए 11 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की।
छात्रा आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है, लेकिन तमाम परेशानियों के बावजूद वह एलएलबी की पढ़ाई जारी रखे हुए है। फीस जमा करने के लिए पैसे नहीं होने के कारण उसकी पढ़ाई पर संकट मंडरा रहा था। महानगर के कुछ समाजसेवियों के माध्यम से इसकी जानकारी सहयोग संस्था के पदाधिकारियों तक पहुंची। संस्था ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी जानकारी जुटाई और छात्रा को वास्तव में जरूरतमंद पाया।
इसके बाद छात्रा की मां निर्मला देवी को बुलाकर संस्था की ओर से 11 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। आर्थिक मदद मिलने से छात्रा की पढ़ाई जारी रहने का रास्ता साफ हुआ।
संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता प्रधान और शाहनवाज खां एडवोकेट ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सहायता पहुंचाना है। जहां भी संस्था की आवश्यकता होगी, वहां पहुंचकर सहयोग करने का प्रयास किया जाएगा।
अध्यक्ष स्तुति गुप्ता और महासचिव सरदार हरजीत सिंह ने बताया कि छात्रा की आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने के बाद संस्था ने पहले पूरी जानकारी जुटाई। पात्र पाए जाने पर तत्काल सहायता का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई आर्थिक परेशानी के कारण न रुके, इसके लिए समाज को भी आगे आना चाहिए।
इस दौरान अध्यक्ष स्तुति गुप्ता, महासचिव सरदार हरजीत सिंह, डायरेक्टर शालू यादव, रुचि गुप्ता, शिवम वर्मा,अलका गुप्ता, एडवोकेट शाफिकुद्दीन अंसारी ,सैय्यद अनवर मियां,विकास सक्सेना,उमेश गुप्ता रीमा गुप्ता सहित संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।
आर्थिक तंगी के बीच मिली यह मदद छात्रा के लिए महज 11 हजार रुपये नहीं, बल्कि उसके अधूरे पड़ते सपनों को आगे बढ़ाने का सहारा बन गई।