70 साल पुराने मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर विवाद, अधिवक्ता ने एसपी से की कार्रवाई की मांग...
बेतिया के पुरानी गुदरी इलाके में करीब 70 साल पुराने मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। विवाद मंदिर निर्माण से अधिक जमीन, रास्ते और दरवाजे को लेकर है। मामले में हाईकोर्ट की अधिवक्ता स्वाति बरनवाल ने बेतिया एसपी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, खेसरा नंबर 1966 की जमीन उनके दादाजी की है और इसी जमीन पर करीब 70 वर्ष पहले उनके दादाजी ने मंदिर का निर्माण कराया था। परिवार के लोगों के पूजा-पाठ के लिए घर की तरफ से मंदिर में एक दरवाजा भी बनाया गया था। वहीं, मंदिर में आने-जाने के लिए सड़क की तरफ से भी रास्ता मौजूद है, जिसका इस्तेमाल मोहल्ले के अन्य लोग करते हैं। अधिवक्ता स्वाति बरनवाल का आरोप है कि मंदिर काफी पुराना होने के कारण कुछ लोगों द्वारा पुराने मंदिर को तोड़कर नया निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि उनकी अनुमति और सहमति के बिना उनकी जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आवेदन में सुरेश महतो समेत अन्य लोगों पर जबरन दरवाजा बंद करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। अधिवक्ता के मुताबिक, मंदिर निर्माण की आड़ में उनके घर से मंदिर तक जाने वाले पुराने रास्ते को बंद करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी करीब 70 वर्षीय मां घर पर अकेली रहती हैं और पूजा-पाठ के लिए आने-जाने में इस रास्ते का महत्वपूर्ण योगदान है। अधिवक्ता स्वाति बरनवाल ने पुलिस प्रशासन से जमीन, निर्माण और रास्ते के अधिकार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही बिना अनुमति निर्माण या जबरन रास्ता बंद करने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामला एसपी के संज्ञान में है। जांच के बाद ही जमीन और रास्ते को लेकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#champaran24news #viralreelschallenge #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge