#गाजीपुर में जुआ खेलने के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, दो लोगों को लगी गोली; वाराणसी रेफर
गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव स्थित पासीपुरवा में सोमवार की देर रात जुआ खेलने के दौरान गोली चलने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे तालाब के पास लगभग 8 से 10 लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्रामसभा बकराबाद के प्रधान संजय बिन्द पुत्र फिरंगी अपने दो-तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और जुआ खेलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान संजय बिन्द ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से सुरेंद्र पुत्र बिरजू राम के दाहिने हाथ में और अजय कुमार पुत्र ओमप्रकाश के पेट के बाईं तरफ गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।