#गाजीपुर में 19 हजार नए वोटर आईडी कार्ड बने, डीएम ने युवाओं के घर पहुंचकर सौंपे पहचान पत्र
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा विशेष अभियान के तहत बनवा सकते हैं वोटर कार्ड, नवंबर में चार दिन लगेंगे विशेष शिविर
गाजीपुर। जनपद में युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्वयं वेदपुरवां निवासी 20 वर्षीय आयुष पुत्र शशिकांत, 21 वर्षीय सिमरन तथा शास्त्री नगर निवासी कार्तिक कुमार पुत्र चंद्र मोहन त्रिपाठी के घर पहुंचकर उन्हें वोटर आईडी कार्ड सौंपा। इस दौरान डीएम ने नए मतदाताओं को बधाई देते हुए मतदान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से आगामी चुनावों में अनिवार्य रूप से मतदान करने और दूसरे युवाओं को भी जागरूक करने की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 19 हजार नए ईपीआईसी (EPIC) कार्ड बनाए गए हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क कर अपना वोटर आईडी कार्ड अवश्य प्राप्त कर लें।
उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चारों दिनों में जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहां आवेदन फॉर्म भरने में सहायता मिलेगी।
विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। इन फॉर्मों के माध्यम से नए मतदाता अपना नाम जुड़वाने, प्रविष्टियों में संशोधन तथा अन्य आवश्यक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं से मतदाता पहचान पत्र बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं अथवा निर्धारित विशेष अभियान की तिथियों में अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी की पहली सीढ़ी है। #GhazipurNews
Sevrai, Ghazipur | Nov 10, 2026