कोर्ट में प्रेमी का साथ चुना, लेकिन कुछ घंटों बाद पति संग लौटी महिला, अपहरण की कहानी निकली झूठी...
ग्वालियर में पत्नी के कथित अपहरण के मामले ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। जिस महिला को कोर्ट में अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताने के बाद पति द्वारा जबरन ले जाने का आरोप लगाया गया था, उसने पुलिस के सामने पूरी कहानी बदल दी। महिला ने स्पष्ट कहा कि वह अपनी मर्जी से पति के साथ गई थी और अब अपने बच्चों व परिवार के साथ रहना चाहती है। महिला के प्रेमी ने झांसी रोड थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तलाश कर महिला को बरामद किया। पूछताछ में महिला के स्वेच्छा से पति के साथ जाने की बात सामने आने पर अपहरण का मामला खत्म हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया और महिला अपने पति के साथ चली गई।