75 शैय्या अनुमंडलीय अस्पताल के निरीक्षण में मिली गंभीर अनियमितताएं
सनोज कुमार सनोज
रजौली बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रह्लाद कुमार सरकार ने गुरुवार को 75 शैय्या अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने कड़ा नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। सबसे अधिक नाराजगी कुपोषण वार्ड की व्यवस्था को लेकर देखने को मिली। जांच में पता चला कि वार्ड में मरीजों के लिए कई महीनों से भोजन नहीं बनाया जा रहा था। रसोईघर में गैस सिलेंडर और रेगुलेटर अलग-अलग पड़े मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि भोजन व्यवस्था लंबे समय से ठप है। यह देखकर आयोग अध्यक्ष भड़क गए और जिम्मेदार कर्मियों से जवाब-तलब किया।
निरीक्षण के दौरान जदयू के जिला अध्यक्ष राज किशोर प्रसाद दांगी , प्रदेश सचिव हरि कृपाल सिंह, प्रखंड अध्यक्ष कारू सिंह, संजय कुमार वर्मा ,मनोज कुमार व संतोष शर्मा समेत दर्जनों जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी आयोग अध्यक्ष को दी। उन्होंने कहा कि मरीजों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।