अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र से राहत भरी खबर सामने आई है। 1 जुलाई से लापता 28 वर्षीय विधि पुजारी को आखिरकार एसडीआरएफ ने सात दिन बाद घने जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया। मजखाली निवासी विधि घर से टहलने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के बीच कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार 7 जुलाई की शाम सुंदरखाल गांव से करीब 4 किलोमीटर दूर जंगल में वह घायल अवस्था में मिलीं। टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद स्ट्रेचर से लगभग 5 किलोमीटर पैदल लाकर सड़क तक पहुंचाया और एम्बुलेंस से उन्हें राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा। युवती के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने एसडीआरएफ टीम का आभार जताया, जबकि इस सफल रेस्क्यू अभियान की वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सराहना की।