मेन रोड में बवाल के बाद सदर अस्पताल में भी हंगामा, पुलिस ने छात्रों को खदेड़ा
रांची में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षा विवाद को लेकर शुक्रवार शाम छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के विद्यार्थी अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन करने जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने छात्रों से पुतला छीन लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद छात्र शहीद चौक होते हुए कचहरी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने दूसरा पुतला जलाकर नारेबाजी की।
बाद में छात्र इलाज कराने की बात कहते हुए सदर अस्पताल पहुंचे। छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे छात्र गेट पर ही धरने पर बैठ गए। मरीजों और एंबुलेंस के रास्ते में परेशानी को देखते हुए पुलिस ने छात्रों से हटने की अपील की।
इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच फिर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं और एक थानेदार की वर्दी भी फट गई। वहीं छात्रों का आरोप है कि चोट लगने के बाद जब वे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ते हुए लाठीचार्ज किया।
बाद में कोतवाली एएसपी निखिल राय और सिटी डीएसपी केवी रमण ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रदर्शनकारियों को बाहर निकाला। घटना के बाद छात्रों और पुलिस के बीच तनाव का माहौल बना रहा।
#Ranchi #RanchiNews #JPSC #JSSC #JPSCJSSC #StudentProtest #JharkhandNews #Jharkhand #StudentVoice #RecruitmentExam #RanchiProtest #JSSCExam #JPSCExam #LatestNews #BreakingNews