⚡ बिजली की आंख-मिचौली से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, देव बिजली कार्यालय में जड़ा ताला
दुलारे पंचायत के उपभोक्ताओं ने घंटों किया प्रदर्शन, कटौती और लो वोल्टेज से परेशान ग्रामीणों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
देव/औरंगाबाद। देव प्रखंड की दुलारे पंचायत में पिछले कई दिनों से जारी बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता देव स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और कार्यालय में ताला जड़कर घंटों प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
प्रदर्शन में संतोष कुमार, प्रिंस कुमार, मिथिलेश कुमार, छोटू कुमार, विशाल कुमार, नितीश कुमार, समीर कुमार, कपिल कुमार, सुदर्शन कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 6-7 दिनों से बिजली आपूर्ति बेहद खराब है। लगातार कटौती और लो वोल्टेज के कारण भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी हो रही है। बिजली नहीं रहने से मोटर और पानी की टंकियां नहीं चल पा रही हैं, जिससे पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। वहीं बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों और बीमार लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बिजली बिल समय पर लिया जाता है, लेकिन नियमित और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने में विभाग उदासीन है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जेई ने बताया तकनीकी खराबी से प्रभावित हुई थी आपूर्ति
बिजली विभाग के जेई संतोष कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के बाद दुलारे गांव में तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है। वहीं, लो वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
#BharatCrimeLiveNews #Dev #Aurangabad #BiharNews #BijliSamasya #ElectricityCrisis #LowVoltage #PowerCut #DularePanchayat #GraminPradarshan #BijliVibhag #AurangabadNews #BiharNews #LocalNews #BreakingNews