जनविश्वास अभियान की शुरुआत: कलेक्टर ने हरीक्षा में किया जनसंवाद, विकास कार्यों और योजनाओं की जानी जमीनी हकीकत
भिण्ड।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के पहले दिन शुक्रवार को भिण्ड कलेक्टर ने ग्राम हरीक्षा पहुंचकर निर्माणाधीन पंचायत भवन में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतें उसी दिन सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएं।
कलेक्टर ने ग्राम सरपंच और पंचायत सचिव से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही राशन दुकान की व्यवस्था पर ग्रामीणों से फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें समय पर और सही वजन का राशन मिल रहा है।
जनसंवाद के दौरान कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायत के सीमित संसाधनों को देखते हुए ग्राम सभा की प्राथमिकताओं के आधार पर सड़क, पुल-पुलिया और अन्य विकास कार्य कराए जाएं। उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने और नए भवन में सभी हितग्राही योजनाओं की जानकारी वाली पेंटिंग कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गांव के मुख्य मार्ग पर कीचड़ की समस्या दूर करने के लिए ग्रामीणों से जनसहभागिता की अपील की। उन्होंने सड़क पर गोबर फेंकने की प्रवृत्ति रोकने और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए बुजुर्गों के नेतृत्व में अभियान चलाने का भी आह्वान किया।
इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय हरीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पहाड़े और सामान्य प्रश्न पूछकर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया तथा शिक्षकों से पुस्तक, गणवेश और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में पानी की टंकी की व्यवस्था कराने और जर्जर भवन को हटाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं आंगनवाड़ी केंद्र हरीक्षा-2 का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, एसडीएम मेहगांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Gormi, Bhind | Aug 7, 2026