जेएसजी भीलवाड़ा स्पार्क एवं संगिनी स्पार्क का शपथ ग्रहण सम्पन्न
भीलवाड़ा:महेश कुमार बिड़ला मीडिया प्रभारी मांडल , 2 अगस्त
जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन के अंतर्गत गठित जेएसजी भीलवाड़ा स्पार्क एवं जेएसजी संगिनी भीलवाड़ा स्पार्क का भव्य शपथ ग्रहण समारोह शनिवार सायंकाल तेरापंथ नगर स्थित तेरापंथ भवन में उत्साह, गरिमा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के उच्चारण से हुआ। तदपश्चात सावी नैनावटी ने आकर्षक नृत्य के माध्यम से गणेश वंदना प्रस्तुत की। ग्रुप के जनरल सेक्रेटरी सीए नवीन वागरेचा ने फेडरेशन सूत्र का वाचन करते हुए संगठन के उद्देश्य एवं सिद्धांतों से सभी को अवगत कराया।
समारोह के मुख्य अतिथि जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन के निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा जैन समाज की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है और यहां जैन सोशल ग्रुप के कई नए ग्रुप बनने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि संगठन जितना व्यापक होगा, सेवा, संस्कार, बंधुत्व और सामाजिक सहभागिता उतनी ही मजबूत होगी।
मेवाड़ रीजन के पूर्व चेयरमैन एवं फेडरेशन डायरेक्टर अनिल नाहर ने नवगठित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं मेवाड़ रीजन के चेयरमैन अरुण मांडोत ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को शपथ दिलाते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जेएसजी भीलवाड़ा स्पार्क "बंधुत्व से प्रेम, सेवा एवं व्यापार" के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए समाज में अनुकरणीय कार्य करेगा।
मीडिया प्रभारी गौतम दुगड़ ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष कोठारी ने जेसजी भीलवाड़ा स्पार्क के नवमनोनित अध्यक्ष सुनील नाहर, सचिव सीए नवीन वागरेचा, कोषाध्यक्ष संजय सिसोदिया, सह सचिव मनोज चंडालिया एवं संगिनी स्पार्क की अध्यक्ष दीपा सिसोदिया, उपाध्यक्ष मीरा चंडालिया, सचिव रविता जैन, कोषाध्यक्ष आशा चौधरी, सह सचिव सुमन दुगड़ को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
ग्रुप के अध्यक्ष सुनील नाहर ने कहा कि भीलवाड़ा में संगठन के विस्तार की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा तथा बहुत जल्द दो नए जैन सोशल ग्रुप प्रारंभ किए जाएंगे।
समारोह को पारस ढेलावत, आर.सी. मेहता, राजेन्द्र गोखरू एवं प्रदीप सांखला सहित अनेक अतिथियों ने संबोधित करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व संगिनी स्पार्क की अध्यक्ष दीपा सिसोदिया एवं सचिव रविता जैन ने विशिष्ट अतिथि सीमा कोठारी एवं सीमा नाहर का स्वागत किया। संचालन हंसा व्यास ने किया। अंत में ग्रुप के सचिव नवीन वागरेचा ने सभी का का आभार व्यक्त किया।