गोरखपुर: बिना लाइसेंस चल रहे गोदाम पर छापा, 477 किलो मिलावटी काली मिर्च सीज
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने गुरुवार को तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर में नाले के पास स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 477 किलोग्राम साबुत काली मिर्च सीज कर दी। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 33 हजार रुपये आंकी गई है
विभाग को सूचना मिली थी कि मोहनलालपुर के इस गोदाम से बिना बिल-वाउचर और बिना वैध लाइसेंस के संदिग्ध खाद्य पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने गोदाम पर औचक निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद कारोबारी नीरज कुमार मद्धेशिया, पुत्र दानी प्रसाद से जब खाद्य सुरक्षा लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर कुमार राय, अरुण कुमार मिश्र, नागेन्द्र और नरेन्द्र शामिल रहे
विभाग को आशंका है कि काली मिर्च में रंग सहित अन्य प्रकार की मिलावट की जा रही थी। इसी आधार पर मौके से काली मिर्च का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और पूरे स्टॉक को अग्रिम आदेश तक सीज कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी
Hardoi, Hardoi | Aug 8, 2026