उपभोक्ता कल्याण मंच ने स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली कनेक्शन काटने का किया कड़ा विरोध
*हमीरपुर,
आज उपभोक्ता कल्याण मंच के माध्यम से चिल्ड्रेन पार्क अणु हमीरपुर से लेकर अधीक्षण अभियंता (ऑपरेशन) के कार्यालय तक स्मार्ट मीटरों के विरोध में प्रदर्शन किया गया और अधीक्षण अभियंता (ऑपरेशन), हिमाचल बिजली बोर्ड़, हमीरपुर के माध्यम से बोर्ड के अध्यक्ष को एक ज्ञापन प्रेषित कर स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया।
मंच के संयोजक कुलदीप खरवाड़ा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर ऑपरेशन सर्किल हमीरपुर में, बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन केवल इसलिए काटे जा रहे हैं क्योंकि उन्होंने अपने सुचारु रूप से कार्य कर रहे डिजिटल मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने पर आपत्ति जताई है। इस प्रकार की कार्रवाई से उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि बिजली एक अत्यावश्यक सेवा है और किसी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन केवल स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने के आधार पर नहीं काटा जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसा करना विद्युत अधिनियम, 2003 तथा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। यदि किसी अधिकारी द्वारा बिना वैधानिक अधिकार के इस प्रकार की जबरन कार्रवाई की जाती है तो उसे न्यायालय एवं सक्षम प्राधिकरणों के समक्ष चुनौती दी जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही भी तय की जाएगी।
मंच ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटरों से जुड़े आर्थिक बोझ, उपभोक्ताओं की गोपनीयता, रोजगार पर प्रभाव तथा भविष्य में उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय भार जैसे गंभीर मुद्दे अभी भी सार्वजनिक चर्चा का विषय हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं पर दबाव बनाना और बिजली कनेक्शन काटना पूरी तरह अनुचित एवं अस्वीकार्य है।
मंच ने बोर्ड प्रबंधन से मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर बिजली कनेक्शन काटने और किसी भी प्रकार की दमनात्मक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, केवल इसी कारण से काटे गए सभी बिजली कनेक्शन तुरंत बहाल किए जाएं तथा सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को विद्युत अधिनियम, 2003 एवं लागू नियमों के अनुरूप कार्य करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो उन्हें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायिक एवं अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों का सहारा लेने के लिए विवश होना पड़ेगा।
इस मौके पर उपभोक्ता कल्याण मंच के संयोजक कुलदीप सिंह खरवाड़ा, सहसंयोजक सुरेश राठौड़, महासचिव जेके धीमान, कार्यकारिणी सदस्य विजय शर्मा, कामेश्वर शर्मा ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।