पूर्व मंत्री असीम गोयल नन्यौला ने आज उपायुक्त अम्बाला, नगर निगम कमीशनर, जन स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, पार्षदगणों व अन्य सम्बन्धित के साथ मानसून सीजन के तहत कहीं पर भी जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके तहत संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल भराव से निपटने के लिए जो कार्य किए जा रहे हैं उनमें तेजी लाई जा सके और नए कार्यों की रूपरेखा तैयार करते हुए उसे भी अमलीजामा पहनाने का काम किया जाए, इसके लिए भी सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इन कार्यो के तहत अम्बाला ड्रेन के क्षेत्र को और बढ़ाया जा सके ताकि बरसाती पानी की निकासी ओर सुगमता से हो सके। उन्होंने निरीक्षण के दौरान एनएचएआई से आए अधिकारियों को भी बलदेवनगर, गीता नगरी के साथ-साथ उनके अंतर्गत हाईवे पर जो नाले हैं उनकी भी सफाई व्यवस्था के कार्य को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होने इस मौके पर यह भी कहा कि एनएचएआई के कुछ कार्यों में देरी दिखी है जिसके लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक करके जो भी त्रुटियां हैं, उन्हें दूर करने की दिशा में काम किया जा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान काकरू के नजदीक हाईवे के पास बरसाती पानी की निकासी ओर सुगमता से हो सके इसके लिए सम्बन्धित अधिकारियों को स्ट्रॉम डिस्पोजल की रूपरेखा तैयार करने बारे भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में देवीनगर के नजदीक जो नाला गुजर रहा है वहां पर कूडा-कर्कट के चलते बरसाती पानी अवरूद्ध हो जाता है वहां पर सफाई व्यवस्था करवाने के साथ-साथ मनमोहन नगर पुलिया के पास भी सफाई व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति नालों में कूडा-कर्कट न डाले, इसके चलते बरसात के मौसम में समस्या पैदा होती है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यदि कोई यहां पर कूडा-कर्कट डालता है तो सम्बन्धित विभाग उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएं, मकसद कहीं पर भी जल भराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देनी है।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व राज्यमंत्री ने यह भी कहा कि जल भराव की स्थिति से लोगों को निजात मिले, इसके लिए आईआईटी रुडक़ी ने जल निकासी का एक बड़ा और विस्तृत प्लान तैयार किया है। इस योजना के तहत पब्लिक हेल्थ नहीं, बल्कि इरिगेशन, पब्लिक हेल्थ, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एचएसवीपी और रेवेन्यू जैसे सात विभागों को एक साथ लेकर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को लेकर वीरवार को आईआईटी रूडकी के प्रतिनिधियों के साथ सम्बन्धित विभागों की एक संयुक्त बैठक भी की जाएगी ताकि इस कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने अम्बाला की जनता को विश्वास दिलाया कि इस प्रोजेक्ट के धरातल पर आने के बाद अंबाला शहर में जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। उन्होंने इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए यह भी बताया कि जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा दशमेश मार्किट के पास, सैक्टर 10 विजिलैंस ऑफिस के नजदीक, स्ट्रॉम वाटर डिस्पोजल बनाने के साथ-साथ इंद्रपुरी व सैक्टर 9-10 के नजदीक जो स्ट्रॉम वाटर बनाए गए है उनकी क्षमता भी बढाई गई है ताकि बरसाती पानी की निकासी ओर तेजी से हो सके और कहीं पर भी जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस मौके पर मेयर अक्षिता सैनी, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, नगर निगम कमीशनर विरेन्द्र सहरावत, एसडीएम दर्शन कुमार, अधीक्षक अभियंता सिंचाई विभाग मुनीष भारद्वाज, विधानसभा संयोजक रितेश गोयल, कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार, कार्यकारी अभियंता रितेश अग्रवाल, निजी सचिव सौरभ गुप्ता, पार्षद राजेश मेहता, पार्षद गुरप्रीत शाना, पार्षद शोभा पूनिया, पार्षद निंकुज चावला, पार्षद गुरविन्द्र सिंह मानकपुर, पार्षद मनीष आनंद मन्नी, पार्षद विशाल राणा, पार्षद कमल गुप्ता, पार्षद वरिन्द्र नाथ, भाजपा पदाधिकारी अमन सूद के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
Ambala, Ambala | Jul 11, 2026