अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे की उपस्थिति में कराड़िया में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर संपन्न
170 आवेदन प्राप्त, 130 का मौके पर निराकरण
लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेशव्यापी जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को आगर-मालवा जिले की क्लस्टर ग्राम पंचायत बापचा के ग्राम कराड़िया में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही कार्यवाही करते हुए निराकरण किया गया। शिविर में कुल 170 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 130 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अपर मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन श्री संजय दुबे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधायक श्री माधव सिंह गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई भैरू सिंह चौहान, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय, श्री बाबूलाल यादव, सांसद प्रतिनिधि श्री दिनेश परमार, श्री प्रेम यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जितेन्द्र सिंह, सरपंच श्री अजय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पंचायत पदाधिकारी मंचासीन रहे।
130 आवेदनों का मौके पर निराकरण
शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त 170 आवेदनों में से 130 का संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निराकरण कर इसकी जानकारी मंच से दी गई। निराकृत आवेदनों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 10, विद्युत विभाग के 8, राजस्व विभाग के 23, श्रम विभाग के 12, शिक्षा विभाग के 4, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग के 13, सामाजिक न्याय विभाग के 6 तथा गृह विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के 2-2 आवेदन शामिल हैं।
लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित
जनविश्वास शिविर में अतिथियों द्वारा 6 लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए
शिविर में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के नवीन आयुष्मान कार्ड बनाए गए। अतिथियों द्वारा हितग्राहियों को नवीन आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
12 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित
शिविर में पात्र हितग्राहियों के नवीन श्रम कार्ड बनाए गए तथा 12 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही 6 आवेदक महिलाओं की विधवा पेंशन प्रारंभ कराई गई।
राहवीर योजना की दी जानकारी
शिविर में पुलिस विभाग द्वारा ग्रामीणों को राहवीर योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति को राहवीर कहा जाता है। ऐसे व्यक्तियों को शासन की ओर से 25 हजार रुपये का पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है। योजना के अंतर्गत जिले में अब तक 7 प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं।
ग्रामीणों को दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।
गांव स्तर पर हो रहा जनसमस्याओं का निराकरण– विधायक गहलोत
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री माधव सिंह गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गांव-गांव जनविश्वास शिविर आयोजित करवाना एक अनूठी पहल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश हैं कि अधिकारी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने बताया कि गांव में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए टीन शेड का निर्माण कराया गया है। आऊ परियोजना का कार्य भी प्रारंभ हुआ है, जिसका लाभ आने वाले समय में जिले के किसानों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आगर जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता – जिला पंचायत अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई भैरू सिंह चौहान ने कहा कि आज सभी शासकीय अधिकारी ग्रामीणों के बीच उनके गांव में उपस्थित हैं और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं का अधिकारियों के माध्यम से निराकरण कराने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा – ओम मालवीय
जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व का नेतृत्व कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के आवास, किसानों को सम्मान निधि तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश गौरवशाली बन रहा है। शासन-प्रशासन द्वारा गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से जनविश्वास शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन श्री संजय दुबे का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीएम श्री मिलिंद ढोंके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, जनपद सीईओ, अन्य जनप्रतिनिधि, त्रिस्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी, पत्रकारगण, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
#agarmalwa
#आगरमालवा
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026