मुख्यमंत्री के मिर्जापुर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों को किया ब्रीफ
मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 8 जुलाई के प्रस्तावित मिर्जापुर भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जनपदीय एवं बाह्य जनपदों से आए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और रूट व्यवस्था से संबंधित सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से जानकारी दी। उच्च सुरक्षा श्रेणी को ध्यान में रखते हुए सभी ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को वीवीआईपी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारी सहित पुलिस, प्रशासन एवं पीएसी के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य जनपदों से ड्यूटी पर आए पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।