500 मीटर बनी डबल लेन सड़क, आगे जर्जर मार्ग छोड़ने पर उठे सवाल
मिर्जापुर। शहर के अमरावती रोड स्थित गीता स्वामी आश्रम तिराहा से कार्यदायी संस्था द्वारा करीब 500 मीटर डबल लेन सड़क का निर्माण कराया गया है। लेकिन इसके आगे का मार्ग अब भी पुराने स्वरूप में गड्ढों से भरा हुआ है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण आगे तक नहीं किया जाना था, तो केवल 500 मीटर तक ही डबल लेन सड़क बनाने का औचित्य क्या है। लोगों का आरोप है कि सड़क का अधूरा निर्माण विकास कार्यों की योजना पर सवाल खड़े करता है।
बरसात के मौसम में जर्जर सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्था से अधूरे निर्माण के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने तथा शेष सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।