*बिहारशरीफ में आज चीफ इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा, 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल**
बिहारशरीफ में आज बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग यानी BPSSC की ओर से चीफ इंस्ट्रक्टर पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में 12 हजार 696 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही पाली में आयोजित होगी। इसे पूरी तरह निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी तरह की लिखित सामग्री, सादा कागज, कैलकुलेटर, क्लिपबोर्ड, पेन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। एडमिट कार्ड पर किसी भी प्रकार की अतिरिक्त लिखावट भी प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी 19 परीक्षा केंद्रों को 9 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा उड़नदस्ता टीम भी लगातार सभी केंद्रों का निरीक्षण करेगी।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।
Bihar, India | Jul 29, 2026