सांसद, विधायक और कलेक्टर ने किया त्योंथर तहसील भवन का लोकार्पण
सरकार और जनप्रतिनिधि लगातार जनहित के कार्य कर रहे हैं - सांसद श्री जनार्दन मिश्र
मुख्यमंत्री जी ने त्योंथर को विकास की कई सौगातें दी हैं - विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी
___________________________________________
सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी राज और कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने त्योंथर में नवनिर्मित संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सांसद श्री मिश्र ने कहा कि आज त्योंथर को ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है। सरकार और जनप्रतिनिधि लगातार जनहित के कार्य कर रहे हैं। इसका लाभ आमजनता को लगातार मिल रहा है। केन्द्र तथा राज्य में एक ही दल की सरकार होने से विकास के सभी कार्य तेजी से हो रहे हैं। त्योंथर को तहसील भवन, पुल, सड़क और औद्योगिक केन्द्र की सौगात दिलाने के लिए वर्तमान विधायक श्री तिवारी तथा पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी ने सराहनीय प्रयास किया। इसके लिए दोनों बधाई के पात्र हैं। सांसद ने कहा कि देश तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का सपना साकार करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। कई देश विरोधी ताकतें सरकार को अस्थिर करके विकास में बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं। आमजनता इनसे सावधान रहे।
समारोह में विधायक श्री तिवारी ने कहा कि तहसील भवन तथा मीर बहरी पुल के निर्माण में कई बाधाएं आईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी बाधाएं दूर कर त्योंथर का तहसील भवन और पुल की सौगात दी है। मुख्यमंत्री जी ने त्योंथर के विकास के लिए चार सौ एकड़ में औद्योगिक विकास केन्द्र बनाने, आईआईटी, स्टेडियम निर्माण तथा कई सड़कों की सौगात दी है। चौरा घाट का भी निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा। मुख्यमंत्री जी ने त्योंथर को विकास की जो सौगातें दी हैं उसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। त्योंथर में हर घर में शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही हैं। आयुष्मान योजना से गरीबों को उपचार सहायता और संबल योजना से संकट में सहारा मिल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 25 वर्षों से जनसेवा करते हुए जनता के मसीहा बन गए हैं। उन्होंने लाखों गरीबों को पक्के मकान दिए हैं। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से ही अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। त्योंथर की जनता से मेरा संबंध बाबा श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी जी के समय से है। मेरा सपना है कि त्योंथर को जिला बनाया जाए। त्योंथर की जनता के लिए मेरे मन और घर के द्वार सदैव खुले रहेंगे।
समारोह में कलेक्टर ने कहा कि त्योंथर में नवनिर्मित तहसील भवन से प्रशासनिक कार्यों में सुविधा बढ़ेगी। पक्षकारों, आमजनता, अधिवक्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्य करने के लिए सुखद वातावरण मिलेगा। मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के अनुरूप पूरी भव्यता के साथ नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया है। समारोह में पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता माझी, त्योंथर और चाकघाट के नगर पंचायत अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि गण, अधिवक्तागण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। समारोह का समापन एसडीएम राकेश चौरसिया द्वारा आभार प्रदर्शन से हुआ।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Janardan Mishra Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा