प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा।
......................
आज दिनांक 19 जून 2026 को श्री राजीव रंजन कुमार सिन्हा, प्रभारी जिला पदाधिकारी - सह - अपर समाहर्ता, नालंदा की अध्यक्षता में दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित हरदेव भवन, बिहारशरीफ में सभी प्रतिनियुक्त स्टैटिक दण्डाधिकारियों, स्कॉट पार्टी, संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं परीक्षा केन्द्राधीक्षकों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी जिला पदाधिकारी ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः स्वच्छ, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराना सभी संबंधित पदाधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर कुल 3804 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
परीक्षा के सुगम संचालन हेतु जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष का टॉल - फ्री नंबर -18003456323 है। जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उक्त परीक्षा के अवसर पर पूरे दिन नियंत्रण कक्ष में उपस्थित रहेंगे।
किसी भी परिस्थिति में परीक्षा हॉल / कक्ष में मोबाइल फोन / किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गजट के साथ परीक्षार्थियों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त वातावरण में आयोजन को लेकर 07 स्टैटिक दंडाधिकारी, 07 स्कॉर्ट पार्टी / पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल की प्रतिनियुक्तियाँ किए गए हैं।
सभी स्टैटिक दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को निर्देशित किया गया कि वे परीक्षा प्रारम्भ होने से कम-से-कम तीन घंटे पूर्व अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी सभी तैयारियों को सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ / राजगीर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिहारशरीफ-1 एवं 2/ राजगीर, तथा पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, नालन्दा दिनांक 21/06/2026 को सुबह से ही बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र / राजगीर क्षेत्र तथा निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था तथा वाहनों पार्किंग आदि की व्यवस्था सुचारू रूप से कराना सुनिश्चित करेगें ताकि छात्रों / अभिभावकों तथा आमजनों को आवागमन में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ / राजगीर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिहारशरीफ-01 / राजगीर परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर स्वच्छ, कदाचार रहित परीक्षा संचालन कराना सुनिश्चित करेंगे ।
उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी। संपूर्ण परीक्षा अवधि में परीक्षा केंद्रों के 500 गज परिधि में भारतीय नागरिक संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
इस अवधि में अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही, भीड़-भाड़ एवं अन्य अवांछित गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, केन्द्राधीक्षक, दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Jun 19, 2026