भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), खैरागढ़ में सामान्य उद्यमिता विकास प्रशिक्षण के अंतर्गत राखी निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रशिक्षार्थियों ने अपने हुनर को बाजार से जोड़ते हुए आरसेटी बाजार का आयोजन किया। बाजार में प्रशिक्षार्थियों ने स्वयं तैयार की गई आकर्षक और पारंपरिक राखियों का प्रदर्शन किया। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों को वास्तविक बाजार का अनुभव दिलाने के साथ उनके उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए व्यावहारिक मंच उपलब्ध कराना था।
आरसेटी बाजार में प्रशिक्षार्थियों द्वारा स्थानीय एवं प्राकृतिक सामग्री से तैयार की गई राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। धान, चावल, गेहूं, मूंग-गेहूं तथा बांस से तैयार राखियों के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के साथ स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की मिसाल प्रस्तुत की। साधारण सामग्री को आकर्षक राखियों में बदलकर महिलाओं ने यह संदेश दिया कि हुनर और थोड़ी रचनात्मक सोच के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
#हमर_विष्णु_भैया #विष्णु_भैया